नई दिल्ली में चुनाव आयोग से जुडे मुद्दे को लेकर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन तेज होता दिख रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि वह विपक्षी सांसदों के साथ जंतर-मंतर की ओर जा रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आह्वान पर INDIA ब्लॉक के सांसद जनपथ स्थित सागर रत्न रेस्टोरेंट में एकत्र हुए।
सागर रत्न में हुई बैठक, आगे की रणनीति पर चर्चा
विपक्षी सांसदों की बैठक जंतर-मंतर के नजदीक ही हुई। रेस्टोरेंट प्रदर्शन स्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर होने के कारण आसपास के इलाके में पुलिस की भारी तैनाती की गई है। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुडे मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने आगे की रणनीति पर चर्चा की।
बैठक के बाद राहुल गांधी ने संकेत दिया कि विपक्षी सांसद अब जंतर-मंतर जाकर प्रदर्शन करेंगे।
जंतर-मंतर के आसपास बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल
विपक्षी सांसदों के संभावित मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढा दी है। जंतर-मंतर के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
इलाके में BNSS की धारा 163 लागू है। ऐसे में किसी भी तरह के जमावडे या गतिविधि को लेकर पुलिस की ओर से सख्ती बरती जा सकती है।
सांसदों की हर गतिविधि पर पुलिस की नजर
दिल्ली पुलिस फिलहाल वेट एंड वॉच की रणनीति पर काम कर रही है। पुलिस अधिकारियों की नजर विपक्षी सांसदों की गतिविधियों पर बनी हुई है। प्रदर्शनकारी सांसद किस दिशा में आगे बढते हैं, इसके आधार पर पुलिस अगला कदम उठाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि सांसद जंतर-मंतर के अलावा कनॉट प्लेस या विंडसर पैलेस की तरफ बढने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें आगे जाने से रोका जाएगा।
हिरासत में लेने की स्थिति के लिए भी तैयारी
पुलिसकर्मियों को प्रदर्शन के दौरान सांसदों को रोकने और जरूरत पडने पर हिरासत में लेने की प्रक्रिया के बारे में पहले ही जानकारी दी जा चुकी है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
फिलहाल नजर इस बात पर है कि राहुल गांधी के साथ विपक्षी सांसद जंतर-मंतर तक पहुंचते हैं या पुलिस उन्हें रास्ते में ही रोक देती है। विपक्ष के प्रदर्शन के ऐलान के बाद दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी बढा दी गई है।

