दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक बहुमंजिला इमारत के अचानक ढह जाने से हड़कंप मच गया। हादसे में कई लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। राहत और बचाव अभियान के बीच इस घटना से छत्तीसगढ़ का भी कनेक्शन सामने आया है।
बेमेतरा के युवराज सोनी हादसे में गंभीर रूप से घायल
इमारत गिरने की घटना में छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के रहने वाले छात्र युवराज सोनी के घायल होने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि हादसे में युवराज को गंभीर चोटें आई हैं। उनके पिता का नाम कन्हैया सोनी बताया गया है।
दिल्ली में कर रहे थे कॉलेज की पढ़ाई
जानकारी के मुताबिक युवराज सोनी दिल्ली के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में अध्ययनरत हैं। रविवार को सत्य निकेतन में हुई इमारत गिरने की घटना के दौरान वह इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद बेमेतरा में उनके परिवार और परिचितों की चिंता बढ़ गई है।

