सलमान खान के चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस 20 का प्रीमियर आज शाम होने जा रहा है। शो शुरू होने से पहले सामने आया नया प्रोमो दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। प्रोमो में सलमान खान भोजपुरी स्टार और राजनेता मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
रीति तिवारी की बिग बॉस 20 में एंट्री को लेकर पहले से ही उत्सुकता बनी हुई थी। खास बात यह है कि उन्हें शो तक पहुंचाने के लिए उनके पिता मनोज तिवारी खुद मंच पर पहुंचे। मनोज तिवारी इससे पहले बिग बॉस के चौथे सीजन का हिस्सा रह चुके हैं।
मंच पर मनोज तिवारी ने छेड़ा पुराना कनेक्शन
रीति को शो के मंच तक छोड़ने पहुंचे मनोज तिवारी ने अपने लोकप्रिय गाने रिंकिया के पापा की कुछ पंक्तियां गुनगुनाईं। इसके बाद सलमान खान ने अपने अंदाज में मनोज तिवारी की टांग खींचते हुए कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि बिग बॉस ने उन्हें दोबारा आने का मौका दे दिया और वह इस बार बेटी के बहाने वापस लौट आए हैं।
मनोज तिवारी ने भी मजाकिया अंदाज में स्पष्ट किया कि वह इस बार प्रतियोगी बनकर नहीं, बल्कि अपनी बेटी को बिग बॉस के घर के दरवाजे तक छोड़ने आए हैं।
अंडों की बात पर सलमान ने दी रीति को खास सलाह
रीति तिवारी से बातचीत के दौरान सलमान खान ने घर के माहौल को लेकर उन्हें मजेदार अंदाज में समझाइश दी। बातचीत अंडों को लेकर होने वाली संभावित बहस तक पहुंची तो सलमान ने रीति को सलाह दी कि बिग बॉस के घर में अंडों के लिए किसी से लड़ाई न करें।
इसी दौरान सलमान ने हंसते हुए कहा, बाप पर मत जाना। सलमान की यह बात सुनकर रीति तिवारी ने भी उसी अंदाज में दोहराया, बाप पर मत जाना। प्रोमो का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
रीति तिवारी के अलावा इन चेहरों की भी चर्चा
बिग बॉस 20 के संभावित प्रतिभागियों को लेकर भी सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा चल रही है। रीति तिवारी के अलावा मैरी कॉम, फैजल खान, काजी तौकीर, माही विज, कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू, ईशा रिखी, खुशी दुबे, अमन गांधी, आम्रपाली दुबे, कनिका मान, अर्शिफा खान, उदिति सिंह, शौविक चक्रवर्ती और गीता बसरा जैसे नाम चर्चा में हैं।
हालांकि अंतिम तौर पर शो में कौन-कौन शामिल होता है, इसका स्पष्ट पता प्रीमियर के साथ ही चलेगा। सलमान खान की वापसी और नए चेहरों को लेकर बिग बॉस 20 के पहले ही दर्शकों के बीच माहौल काफी गर्म हो चुका है।

