भोपाल : आने वाले वर्षों में यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश सरकार ने भोपाल मास्टर प्लान 2047 का ड्राफ्ट जारी किया है। इसमें शहर के विस्तार, विकास और परिवहन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नए रोड नेटवर्क का खाका तैयार किया गया है।
मौजूदा समय में भोपाल का रोड नेटवर्क करीब 515 किलोमीटर का है। प्रस्तावित योजना के मुताबिक इसे बढाकर 795.61 किलोमीटर तक किया जाना है। यानी भविष्य में शहर को करीब 280.61 किलोमीटर नए और विकसित सडक मार्ग मिलने की संभावना है।
सडकों के विस्तार से शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने की तैयारी
मास्टर प्लान में सडकों के विस्तार को शहर की भविष्य की जरूरतों से जोड़ा गया है। आबादी और शहरी क्षेत्र के लगातार बढने के साथ ही प्रमुख इलाकों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी की जरूरत भी बढ रही है।
प्रस्तावित रोड नेटवर्क में अलग अलग चौडाई और उपयोगिता के आधार पर सडकों को श्रेणियों में रखा गया है। सडकों के चौडीकरण और नए मार्गों के निर्माण से प्रमुख हिस्सों के बीच आवागमन आसान बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
पुरानी योजनाओं की अधूरी सडकों से भी सामने आई बड़ी चुनौती
भोपाल विकास योजना 2005 में भी शहर के लिए 26 सडकों का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि इनमें से कई सडकों का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो पाया है। लंबे समय के दौरान प्रस्तावित मार्गों के आसपास बस्तियां विकसित हो गईं और कई स्थानों पर निर्माण होने के कारण जमीन उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया।
कुछ प्रस्तावित मार्गों पर बड़ी संख्या में मकान बन चुके हैं। वहीं कुछ जगहों पर अनधिकृत कॉलोनियों के विस्तार ने भी सडक निर्माण की प्रक्रिया को जटिल बना दिया है। ऐसे में 2047 के मास्टर प्लान में नए रोड नेटवर्क को शहर के आगामी विस्तार को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
29 सडकों के चौडीकरण और नए विकास का खाका तैयार
भोपाल विकास योजना 2047 के ड्राफ्ट में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए करीब 280 किलोमीटर के नए और संशोधित सडक मार्ग प्रस्तावित किए गए हैं। इसमें कुल 29 सडक मार्ग शामिल हैं।
इनमें अनंतपुर से घाटखेड़ी करीब 10.18 किलोमीटर, अनंतपुर से कनासैया करीब 1.56 किलोमीटर, बरई से अनंतपुर करीब 10.35 किलोमीटर, बावडिया कलां से चीचली कोलार करीब 5.70 किलोमीटर और दीपली से बागरोद करीब 6.91 किलोमीटर के मार्ग शामिल हैं।
14 प्रमुख सडकों को करीब 45 मीटर तक चौडा करने की योजना
मास्टर प्लान के ड्राफ्ट में 14 सडकों के चौडीकरण का अलग प्रस्ताव भी रखा गया है। इन मार्गों की कुल लंबाई करीब 59.84 किलोमीटर बताई गई है। इन सडकों को लगभग 45 मीटर तक चौडा करने की योजना है।
प्रस्तावित मार्गों में अमरावद खुर्द से बंगरसिया करीब 4.81 किलोमीटर, बगरोदा से रापडिया करीब 3.95 किलोमीटर, बैरागढ चीचली से बंगरसिया करीब 1.33 किलोमीटर और बरई से बैरागढ चीचली होते हुए मिसरोद करीब 11.15 किलोमीटर का मार्ग शामिल है।
इन प्रस्तावों के लागू होने के बाद भोपाल के अलग अलग हिस्सों के बीच सडक संपर्क को विस्तार मिलने की उम्मीद है। हालांकि मास्टर प्लान फिलहाल ड्राफ्ट स्तर पर है, इसलिए अंतिम स्वरूप में बदलाव संभव है।

