नेताम ने कांग्रेस के भीतर ही चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी और कथित फर्जी ID के जरिए वोट डलवाने के आरोपों का जिक्र करते हुए कांग्रेस के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर पलटवार किया.
नेताम का तंज- कांग्रेस की नाव में इतने छेद हो गए है
अंबिकापुर में बातचीत के दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस लगातार दूसरे दलों पर वोट चोरी जैसे आरोप लगाती रही है, लेकिन अब उसके अपने संगठन के चुनाव में ही अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही है.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की नाव में इतने छेद हो चुके है कि पार्टी एक छेद बंद करने की कोशिश करती है तो दूसरा छेद खुल जाता है. नेताम ने यूथ कांग्रेस के चुनाव में फर्जी ID से वोटिंग की शिकायतों को गंभीर बताते हुए संगठन की चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाए.
कृषि मंत्री बोले- पहले अपनी व्यवस्था ठीक करे कांग्रेस
रामविचार नेताम ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता बेहद जरूरी है. यदि पार्टी के अंदर ही चुनाव को लेकर सवाल उठ रहे है और फर्जी पहचान के जरिए मतदान की शिकायत सामने आ रही है, तो कांग्रेस को पहले अपनी आंतरिक व्यवस्था को दुरुस्त करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि दूसरे दलों पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को अपने संगठन के भीतर चल रही प्रक्रिया पर ध्यान देना चाहिए.
धान खरीदी को लेकर सरकार की तैयारी पर भी दी जानकारी
राजनीतिक मुद्दों के साथ कृषि मंत्री ने प्रदेश में धान खरीदी और खेती-किसानी को लेकर भी सरकार की तैयारियों पर बात की. उन्होंने बताया कि किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर जरूरी तैयारियां की जा रही है. सरकार का जोर ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर है, जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो.
राजनीति के साथ अपने खेत पर भी रखते है नजर
रामविचार नेताम ने अपने खेत में चल रही खेती का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि राजनीतिक और सरकारी जिम्मेदारियों के बीच भी वह खेती से जुड़े कामों की नियमित निगरानी करते है.
मंत्री ने कहा कि उन्हें अपने खेत के अलग-अलग हिस्सों की मिट्टी की स्थिति और वहां पानी की उपलब्धता की जानकारी रहती है. खेत के एक हिस्से में पानी की थोड़ी कमी हुई थी, जिसके बाद तालाब के जरिए सिंचाई की जा रही है.
तीन एकड़ में लगाई कुरथी की फसल
कृषि मंत्री ने बताया कि उनके खेत में तीन एकड़ क्षेत्र में कुरथी की फसल लगाई गई है. उन्होंने कहा कि खेती से उनका जुड़ाव लगातार बना हुआ है और व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद वह फसलों की स्थिति पर नजर रखते है.
इस तरह अंबिकापुर में नेताम की बातचीत के दौरान जहां यूथ कांग्रेस चुनाव में कथित गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस पर राजनीतिक हमला देखने को मिला, वहीं उन्होंने किसान, धान खरीदी और अपनी खेती से जुड़े अनुभव भी साझा किए.

