मध्य प्रदेश : शिवपुरी जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां दो सगी बहनों ने अलग-अलग गांवों में अपने बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। दोनों घटनाओं में बहनों समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे भी शामिल है। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पहली घटना: पति की मौत के करीब एक महीने बाद महिला ने उठाया कदम
पहली घटना बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगर गांव की है। यहां 35 वर्षीय अंजली रावत ने अपने छह साल के बेटे प्रशांत के साथ खेत में बने कुएं में छलांग लगा दी। इस घटना में मां और बेटे दोनों की मौत हो गई। बताया गया है कि अंजली आठ माह की गर्भवती थी। उसके पति धरमवीर की करीब एक महीने पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
बड़ी बहन ने भी तीन बच्चों के साथ कुएं में लगाई छलांग
दूसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र के खोंकर गांव की है। यहां अंजली की बड़ी बहन 40 वर्षीय सीता रावत ने अपने तीन बच्चों राखी (14 वर्ष), प्रियंका (11 वर्ष) और श्लोक (6 वर्ष) के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इस घटना में सीता और उसके तीनों बच्चों की मौत हो गई।
दोनों घटनाओं को मिलाकर छह लोगों की जान चली गई। एक ही परिवार की दो बहनों और उनके बच्चों की मौत से इलाके में गहरा शोक है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस बल ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद कुएं से शवों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों बहनों के इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

