मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत के दौरान जेडीयू नेता राजेश मंडल की कथित तौर पर 7 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन गायब हो गई। मंत्री के स्वागत के लिए जुटी भीड़ के बीच हुई इस घटना के बाद नेता परेशान होकर चोर की तलाश करते नजर आए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मंत्री के स्वागत के बीच गायब हुई चेन
घटना तुर्की थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर पहुंचने को लेकर सकरी चौक पर स्वागत कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
इसी दौरान जेडीयू नेता राजेश मंडल की सोने की चेन गायब हो गई। उन्हें जब चेन के गायब होने का पता चला तो उन्होंने भीड़ के बीच उसे तलाशने की कोशिश की। घटना के बाद का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें राजेश मंडल परेशान नजर आ रहे हैं।
धक्का-मुक्की में टूटी या किसी ने खींची? अभी साफ नहीं
राजेश मंडल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि स्वागत कार्यक्रम के दौरान भीड़ में धक्का-मुक्की हुई थी। इसी दौरान चेन टूटकर नीचे गिर गई या किसी ने उसे खींच लिया, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल पुलिस के पास चेन गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज से तलाशे जा रहे संदिग्ध
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज की जांच के बाद यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि भीड़ के बीच चेन कैसे गायब हुई और घटना में किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
पुलिस का कहना है कि CCTV और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।

