रायपुर। राजधानी में मिनी (ट्रैवलर) सिटी बस सेवा शुरू होने जा रही है। ये बस टाटीबंध चौक से शास्त्री चौक होते हुए रेलवे स्टेशन तक जाएगी। इसके बाद रेलवे स्टेशन से पचपेड़ीनाका होते हुए भाठागांव स्थित इंटरस्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) तक आना-जाना करेगी। डॉ. हमानी जैन, फेलो, काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर (सीईईडब्ल्यू) ने बताया कि सीईईडब्लयू के रिसर्च के अनुसार, कुशलता के साथ संचालित करने पर किसी शहर के बसों के बेड़े में जोड़ी जाने वाली प्रत्येक 100 माइक्रो-बसें सालाना 1.7 से 3.5 टन पीएम 2.5 उत्सर्जन को रोक सकती हैं।
माइक्रो-बसें विशेष रूप से छोटे और मध्यम शहरों के लिए भी बहुत उपयुक्त हैं, जहां आमतौर पर यात्रियों की मांग मध्यम स्तर की होती है और सड़कें संकरी होती हैं। इसलिए, आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के मागदर्शन और छत्तीसगढ़ के परिवहन विभाग व रायपुर नगर निगम के सहयोग से एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में रायपुर में 2 मुख्य मार्ग पर 45 दिनों के लिए 17 और 20 सीटों वाली 8 माइक्रो-बसें चलाएंगे।
शहर में पीएम 2.5 का का वार्षित औसत 8 गुना अधिक
प्राणा एयर के एक्यूआई डैशबोर्ड के अनुसार, सिलतारा फेज-2, कृषक नगर, एम्स में स्थित 3 सीईसीबी/एसपीसीबी निगरानी केंद्रों पर पीएम 2.5 का वार्षिक औसत लगभग 40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया है। यह डब्ल्यूएचओ द्वारा निर्धारित सीमा (5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर वार्षिक दिशानिर्देश) से 8 गुना अधिक है। शहर वायु प्रदूषण को कम करने और हानिकारक ग्रीनहाउस गैसों और जलवायु परिवर्तन में शहर के योगदान को कम करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। रायपुर शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में मौजूदा लगभग 140 सिटी बसों के अतिरिक्त पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत 100 इलेक्ट्रिक बसें प्राप्त करने की योजना बना रहा है।
पायलट प्रोजेक्ट में करेंगे आंकलन
परिवहन विभाग इन बसों को दो रूट पर चलाने की अनुमति शुक्रवार को जारी करेगा। बस चलाने की शुरुआत सोमवार 8 जून से की जाएगी। एजेंसी प्रमुख अधिकारी अनन्या झा ने बताया कि पॉयलट प्रोजेक्ट के जरिए इन बातों का आंकलन किया जाएगा कि रायपुर में ऐसी गाड़ियों की उपयुक्तता, ऑपरेशनल और वित्तीय व्यवहार्यता और नागरिक इसे स्वीकार करते हैं या नहीं इसे देखना प्रमुख रहेगा।
15 से 25 रुपए किराया
छत्तीसगढ़ राजपत्र के अनुसार, बस का किराया प्रति यात्री 0-4 किमी तक 15 रुपए, 4-8 किमी में 20 रुपए और 8-12 किमी में 25 रुपए रहेगा। राजपत्र के अनुसार 0-4 किमी तक मिनी बस में यात्रा का किराया 13 रुपए कर दिया गया है, लेकिन चिल्हर की दिक्कत के कारण ऑपरेटर 15 रुपए लेंगे। टाटीबंध से शास्त्री चौक होते हुए रेलवे स्टेशन की दूरी 15.6 किमी है, इसलिए 8-12 किमी रेंज अनुसार ही इसका किराया 25 रुपए तय किया जाएगा।

