नई दिल्ली: दक्षिण पूर्वी दिल्ली के संत नगर इलाके में सोमवार सुबह एक किराए के कमरे से युवक और युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
PCR कॉल के बाद पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:08 बजे अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में PCR कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि संत नगर इलाके में एक कमरे के अंदर युवक और युवती की संदिग्ध स्थिति में मौत हुई है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित घटनास्थल पर पहुंची। कमरे की जांच के दौरान महिला का शव बिस्तर पर मिला, जबकि युवक का शव छत के पंखे से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया।
महाराष्ट्र के रहने वाले थे दोनों मृतक
पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली थी। वहीं युवक की पहचान महाराष्ट्र निवासी अनमोल कुंडा पाटिल के रूप में हुई है।घटना के बाद दोनों के परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स दिल्ली भेजा गया है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, मिला सुसाइड नोट
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने घटनास्थल की जांच की। टीम ने मौके से कई सबूत एकत्र किए हैं।पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह नोट युवक द्वारा लिखा गया हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

