राजस्थान: ब्यावर जिले में देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जवाजा थाना क्षेत्र के कोटड़ा गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर गोली चला दी। गोली उसके पेट में लगकर रीढ़ की हड्डी में जा फंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
किराने की दुकान जाते समय बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार कोटड़ा गांव निवासी 22 वर्षीय जयसिंह मजदूरी का काम करता है। मंगलवार रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद वह गांव की मुख्य सड़क पर स्थित किराने की दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार अज्ञात बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही जयसिंह सड़क पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए।
पहले दूसरे युवक पर की गई थी फायरिंग
ग्रामीणों के मुताबिक बदमाशों का असली निशाना गांव का युवक विक्रम था। आरोप है कि हमलावरों ने पहले विक्रम पर चार राउंड फायर किए, लेकिन वह बिजली के खंभे की ओट लेकर बच गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे जयसिंह को गोली लग गई। घटना के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर दो बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
अस्पताल पहुंची पुलिस, जांच शुरू
फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल जयसिंह को ब्यावर के राजकीय अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना भी अस्पताल पहुंचे और घायल जयसिंह तथा विक्रम से घटना की जानकारी ली। बाद में जयसिंह को बेहतर इलाज के लिए अजमेर रेफर कर दिया गया।
उधर, जवाजा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हमले की वजह अब तक साफ नहीं
पुलिस का कहना है कि फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच के लिए जवाजा थाना, साकेतनगर थाना और जिला स्पेशल टीम की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
गांव में पहले से था तनाव
ग्रामीणों का कहना है कि कोटड़ा गांव में पिछले कई महीनों से आपसी तनाव का माहौल बना हुआ था। इस संबंध में पुलिस को कई बार शिकायतें भी दी गई थीं, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से विवाद बढ़ता गया। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में गैंगबाजी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है।

