राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। हालांकि, सर्वोच्च न्यायालय ने इस पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के संबंध में अब तक 10 एफआईआर दर्ज की हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार
प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अदालत से वीडियो रिकॉर्डिंग देखने और स्वत: संज्ञान लेने का आग्रह किया गया। इस पर मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा कि अदालत के पास वीडियो देखने का समय नहीं है और मामले में तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की जा सकती।
सुनवाई के दौरान सीजेआई ने टिप्पणी की कि अदालत का समय इस तरह बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालय वीडियो साक्ष्यों को तत्काल देखने के आधार पर सुनवाई तय नहीं करेगा।
हिंसा के मामले में 10 एफआईआर दर्ज
दिल्ली पुलिस के अनुसार, संसद मार्च के दौरान हुई हिंसक घटनाओं को लेकर अब तक 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें संसद मार्ग थाने में चार, कनॉट प्लेस थाने में तीन तथा मंदिर मार्ग, बाराखंभा रोड और कर्तव्य पथ थाने में एक-एक मामला दर्ज किया गया है।
एक एफआईआर संसद सत्र के दौरान हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने से जुड़ी है। फिलहाल सभी मामलों की जांच जारी है।
RAF जवान पर हमले की भी जांच
पुलिस ने रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के एक जवान पर कथित हमले के मामले में भी एफआईआर दर्ज की है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ लोगों को जवान के साथ मारपीट करते और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करते देखा गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
250 से ज्यादा वीडियो खंगाल रही पुलिस
हिंसा में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच एजेंसियां 250 से अधिक वीडियो की जांच कर रही हैं। इनमें सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन कैमरों की रिकॉर्डिंग, पुलिसकर्मियों के बॉडी कैमरों के वीडियो और लोगों द्वारा मोबाइल फोन से बनाए गए वीडियो शामिल हैं।
NEET मुद्दे पर निकाला गया था संसद मार्च
सोमवार को हजारों प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाल रहे थे। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। पुलिस द्वारा मार्च रोकने के दौरान बैरिकेडिंग पर तनाव बढ़ गया और प्रदर्शनकारियों तथा सुरक्षाबलों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए।
सुरक्षा के चलते 16 मेट्रो स्टेशन बंद
दिल्ली में जारी प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने अगले आदेश तक 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।

