करौली : राजस्थान के करौली जिले में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। मैग्जीन क्षेत्र के पास एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक पर सवार तीनों युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी।
गाय को बचाने की कोशिश बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक ही मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे। रास्ते में अचानक एक गाय सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले बुझ गई दो जिंदगियां
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने भीमनगर निवासी आशीष और धौलपुर के डगरिया मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय पवन कश्यप को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल हर्ष कश्यप को इलाज के लिए भर्ती किया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया।
तीनों की मौत से परिवारों में मचा कोहराम
घटना की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर मातम का माहौल छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक पवन फूड डिलीवरी का काम करता था, हर्ष एक होटल में नौकरी करता था और आशीष एक दुकान पर कार्यरत था। तीनों आपस में रिश्तेदार होने के साथ बेहद करीबी दोस्त भी थे।
दो महीने पहले खरीदी थी नई बाइक
परिजनों के मुताबिक, पवन ने करीब दो महीने पहले ही नई मोटरसाइकिल खरीदी थी। बुधवार को वह आशीष के साथ घूमने निकला था। दोनों पहले एक होटल पहुंचे, जहां काम कर रहे हर्ष को साथ लिया। दिनभर साथ समय बिताने के बाद शाम को घर लौटते वक्त यह हादसा हो गया।
पुलिस ने ट्रक जब्त कर शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही करौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेशचंद मीणा और पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम ने भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

