महाराष्ट्र: भिवंडी में गुरुवार सुबह मुंबई-नासिक हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को पलभर में मातम में बदल दिया। रिश्तेदारों को मुंबई एयरपोर्ट छोड़कर वापस लौट रहे परिवार की क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए, जबकि चार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजा गया है।
उमरा के लिए रिश्तेदारों को छोड़कर लौट रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भिवंडी के चालीस गांव निवासी परिवार अपने रिश्तेदारों को उमरा यात्रा के लिए मुंबई एयरपोर्ट छोड़ने गया था। एयरपोर्ट से वापसी के दौरान परिवार के सदस्य क्रूजर वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच मुंबई-नासिक हाईवे पर उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
सड़क किनारे खड़े ट्रक से हुई जोरदार भिडंत
बताया जा रहा है कि भिवंडी बायपास से आगे सड़क के किनारे एक ट्रक खड़ा था। हल्की बारिश के बीच वाहन चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से क्रूजर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर मची अफरा-तफरी, राहगीरों ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
चार घायलों को किया गया रेफर
हादसे के समय क्रूजर में करीब दस लोग सवार थे। इनमें से आठ लोग घायल हुए हैं। सभी को पहले भिवंडी के इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां चार लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चालक ने बताई हादसे की वजह
वाहन चालक ने बताया कि वापसी के दौरान हल्की बूंदाबांदी हो रही थी। ओवरटेक करते समय अचानक सड़क किनारे खड़ा ट्रक सामने आ गया और गाड़ी उससे टकरा गई। वहीं हादसे में घायल एक महिला ने बताया कि पूरा परिवार अपने भाई को एयरपोर्ट छोड़कर वापस लौट रहा था, तभी यह दुर्घटना हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में बारिश के कारण फिसलन और वाहन से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट की जाएगी।

