पटना: बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई हुई है। भरत तिवारी पर गोली चलाने के आरोप में बिहार एसटीएफ के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार रात पुलिस ने जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की। इस मामले में भरत तिवारी की मां आशा देवी ने पहले ही जवान पर हत्या का आरोप लगाया था।
वीडियो के बाद बढ़ा विवाद
17 जून को हुए एनकाउंटर का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया था। वीडियो में भरत तिवारी पुलिस के सामने हथियार डालते हुए दिखाई देने का दावा किया गया, जिसके बाद भी उस पर गोली चलाए जाने के आरोप लगे। इसी वीडियो के आधार पर पूरे मामले को लेकर सवाल उठने लगे।
मुख्यमंत्री से मिले थे परिजन
24 जुलाई को भरत तिवारी के परिजनों ने पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिया था कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
सरकार ने किए प्रशासनिक बदलाव
परिजनों की मुलाकात के बाद सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर भी कदम उठाए। भोजपुर के जगदीशपुर एसडीओ सुजीत कुमार को उनके पद से हटाकर सचिवालय में योगदान देने के निर्देश दिए गए। वहीं, एनकाउंटर के बाद संबंधित एसडीपीओ राजेश कुमार का पहले मद्य निषेध विभाग में तबादला किया गया और बाद में उन्हें पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया।
अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग
भरत तिवारी के परिजनों ने एसटीएफ जवान की गिरफ्तारी को न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। हालांकि उन्होंने मामले में शामिल अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
एफआईआर में लगाए गए गंभीर आरोप
एफआईआर के अनुसार, 17 जून को डीएसपी और थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम भरत तिवारी को उसके घर से जवईनिया बाढ़ विस्थापितों के लिए आवंटित जमीन वाले क्षेत्र में लेकर गई थी। भरत की मां का आरोप है कि उनका बेटा इस इलाके की समस्याओं को लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से उठा रहा था।
परिजनों का दावा है कि घटनास्थल पर भरत तिवारी ने हथियार फेंककर आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उसे धक्का देकर गड्ढे में गिराया और फिर गोली चला दी। इन आरोपों की जांच जारी है और इसी जांच के क्रम में एसटीएफ जवान अक्षय कुमार की गिरफ्तारी की गई है।

