ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में लगी भीषण आग पर काबू पाने पहुंचे फायरकर्मियों के साथ दर्दनाक घटना हो गई। कंपनी की दीवार और लोहे का बीम गिरने से पांच दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई।
रात करीब 3 बजे कंपनी में भड़की आग
पुलिस के अनुसार यह घटना 3 और 4 अगस्त की दरमियानी रात करीब 3 बजे हुई। ईकोटेक 3 स्थित ILGIM कंपनी में अचानक आग लग गई थी। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक पीसीबी चिप बनाने का काम होता है। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
आग पर काबू पाने के बाद भी नहीं टली मुसीबत
दमकलकर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया, लेकिन इसी दौरान कंपनी परिसर में एक बड़ा हादसा हो गया। आग बुझाने की कार्रवाई के बीच कंपनी की साइड की दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से पांच फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो फायरकर्मियों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना में घायल फायरकर्मियों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। हादसे में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव घायल हुए थे।इलाज के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीन घायल फायरकर्मियों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फायरकर्मियों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह घटना उन जवानों के लिए बड़ी त्रासदी है जो दूसरों की जान और संपत्ति बचाने के लिए अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना आग से जूझते हैं। ग्रेटर नोएडा की इस घटना ने एक बार फिर आग बुझाने के दौरान फायर टीमों की सुरक्षा व्यवस्था और जोखिम प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

