Crispy Aloo Bhujia Recipe: सावन का पावन महीना शुरू हो चुका है और भगवान शिव के भक्त पूरे श्रद्धाभाव से व्रत और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। व्रत के दौरान लोग ऐसा भोजन पसंद करते हैं जो हल्का हो, जल्दी बन जाए और स्वाद में भी शानदार हो। अगर आप हर बार आलू की सब्जी या दही-आलू बनाकर ऊब चुके हैं, तो इस बार फलाहारी कुरकुरी आलू भुजिया जरूर आजमाएं। सेंधा नमक और सीमित मसालों से तैयार होने वाली यह रेसिपी बाहर से क्रिस्पी और अंदर से मुलायम रहती है।
बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 5 से 6 मध्यम आकार के आलू
- 2 बड़े चम्मच घी या मूंगफली का तेल
- 2 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच सेंधा नमक (स्वादानुसार)
- आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच नींबू का रस (इच्छानुसार)
इस आसान तरीके से तैयार करें फलाहारी आलू भुजिया
सबसे पहले आलू छीलकर उन्हें पतले और लंबे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद आलू को दो से तीन बार पानी से अच्छी तरह धोएं ताकि अतिरिक्त स्टार्च निकल जाए। फिर किसी साफ कपड़े या टिश्यू से आलू को पूरी तरह सुखा लें।अब कड़ाही में घी या मूंगफली का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर उसमें बारीक कटी हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें। इसके बाद आलू डालकर अच्छी तरह मिला लें।कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर लगभग 5 से 7 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में हल्के हाथ से चलाते रहें ताकि आलू समान रूप से पकें।
जब आलू लगभग पक जाएं, तब उसमें सेंधा नमक और काली मिर्च पाउडर मिलाएं। अब ढक्कन हटाकर 4 से 5 मिनट तक और पकाएं, जिससे आलू हल्के सुनहरे और कुरकुरे हो जाएंअंत में चाहें तो ऊपर से थोड़ा नींबू का रस डालें। इससे स्वाद और भी ताजा और लाजवाब हो जाएगा।
इन चीजों के साथ परोसें
यह कुरकुरी आलू भुजिया कुट्टू या राजगिरा की पूरी, फलाहारी पराठे, ताजा दही या व्रत वाली हरी चटनी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है। हल्का, कुरकुरा और सादा स्वाद इसे सावन के व्रत के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनाता है।

