उत्तराखंड : बुधवार सुबह से हो रही तेज बारिश ने कई क्षेत्रों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बरसात के कारण प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। नदियां और बरसाती नाले उफान पर आ गए हैं, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।
बारिश के चलते कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। वाहन चालकों को धीमी रफ्तार से सफर करना पड़ रहा है। संवेदनशील इलाकों में प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
देहरादून में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए देहरादून जिले में बुधवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और गैर सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। प्रशासन का कहना है कि भारी बारिश के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
जिला मजिस्ट्रेट आशीष चौहान की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि मौसम विभाग और एनडीएमए के सचेत पोर्टल के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में देहरादून में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यधिक तेज दौर की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने दिए हाई अलर्ट के निर्देश
प्रदेश में बिगड़ते मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों को तुरंत शुरू करने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी, नालों और बरसाती गधेरों के आसपास जाने से परहेज करें।
साथ ही मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि भारी बारिश के दौरान किसी भी खतरे से बचा जा सके।

