नई दिल्ली। पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश पहुंचेंगे। यह उनके तीन दिवसीय दौरे का अंतिम चरण होगा। इससे पहले वह असम और नगालैंड के प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा कर चुके हैं।
अरुणाचल में राहत कार्यों का लेंगे जायजा
जेपी नड्डा के कार्यक्रम में अचानक आई बाढ़ और बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण शामिल है। वह राहत शिविरों का दौरा करेंगे, क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे का जायजा लेंगे तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं और राहत कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा करेंगे।
असम में बाढ़ प्रभावित गांवों का किया दौरा
बुधवार को केंद्रीय मंत्री ने असम के शिवसागर जिले के बिहुबोर और नेपाली खुटी क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा भी मौजूद रहे। बाढ़ से इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, कृषि भूमि जलमग्न हो गई है और पशुधन को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
दौरे के दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और नुकसान का आकलन कर जल्द सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
नगालैंड में भूस्खलन प्रभावित इलाकों का भी किया निरीक्षण
असम के बाद जेपी नड्डा नगालैंड पहुंचे, जहां उन्होंने मोन जिले में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ राज्य के स्वास्थ्य मंत्री आशोक सिंघल और राज्यसभा सांसद फांगनोन कोन्याक भी मौजूद रहीं।उन्होंने डिफेंस कॉलोनी और तेचा वार्ड सहित प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जहां भारी बारिश के कारण कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क संपर्क बाधित हो गया।
विस्थापित परिवारों से की मुलाकात
जेपी नड्डा ने कोन्यक यूनियन कार्यालय में रह रहे विस्थापित परिवारों से मुलाकात की और आपदा में अपने परिजनों को खोने वाले लोगों को सांत्वना दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाएंगे।
केंद्र ने हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में समय पर राहत पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि सामान्य जनजीवन जल्द से जल्द पटरी पर लौट सके।

