शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में टिपर चालक की जान चली गई। चौपाल तहसील के चिला-चानपडली लिंक रोड पर मलबा गिराने के दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद टिपर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मलबा गिराते समय बिगड़ा संतुलन, खाई में समाया वाहन
पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना रविवार शाम हमलाती खड्ड के समीप हुई। HP 63 D 1357 नंबर का टिपर मलबा डंप कर रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतक की पहचान जम्मू-कश्मीर निवासी के रूप में हुई
दुर्घटना में जान गंवाने वाले चालक की पहचान 32 वर्षीय विपिन कुमार के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले का निवासी था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों की मदद से निकाला गया शव
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से खाई में उतरकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को चौपाल के सिविल अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना चालक की चूक, सड़क की स्थिति या किसी अन्य कारण से हुई।

