इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक निजी कॉलेज की महिला असिस्टेंट प्रोफेसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 32 वर्षीय शिक्षिका अपने फ्लैट में फंदे से लटकी मिलीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
रूम पार्टनर के लौटने पर हुआ घटना का खुलासा
जानकारी के अनुसार, तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित रूपायन अपार्टमेंट में दिव्या सोनी अपनी महिला मित्र के साथ रहती थीं। मंगलवार शाम उनकी रूम पार्टनर जब घर लौटी तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो दिव्या कमरे के अंदर फंदे से लटकी मिलीं।
दो साल से इंदौर में रह रही थीं दिव्या
पुलिस के मुताबिक दिव्या सोनी मूल रूप से छतरपुर जिले की निवासी थीं और इंदौर के विक्रांत कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं। वह पिछले करीब दो वर्षों से इस फ्लैट में रह रही थीं।
सुसाइड नोट नहीं मिला, सभी पहलुओं की जांच जारी
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है तथा मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
सड़क हादसे में घायल बैंक कर्मचारी ने भी तोड़ा दम
इसी बीच इंदौर के खुड़ैल क्षेत्र से भी दुखद खबर सामने आई है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल निजी बैंक कर्मचारी गौरव सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। 24 जून को वह बाइक से देवगुराड़िया की ओर जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल गौरव का लंबे समय से इलाज चल रहा था, लेकिन मंगलवार रात उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

