उत्तर प्रदेश : बांदा जिले में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने मकान मालिक के साथ-साथ पुलिस को भी हैरान कर दिया। चोर जब एक घर में चोरी करने पहुंचे तो उन्हें उम्मीद के मुताबिक कोई कीमती सामान नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने घर में लगे नलों की करीब 25 टोटियां उखाड़ लीं और उन्हें लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
चोरी की शिकायत पर पहुंची पुलिस तो सामने आया अनोखा मामला
घटना बांदा शहर के कोतवाली क्षेत्र की है। मकान मालिक ने पुलिस को घर में चोरी होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि घर से न तो गहने गायब थे, न टीवी, फ्रिज या अन्य महंगे सामान की चोरी हुई थी।जांच में सामने आया कि घर के अलग-अलग हिस्सों में लगे नलों की लगभग 25 टोटियां उखाड़ ली गई थीं। इसके अलावा कुछ नकदी भी गायब मिली।
कीमती सामान नहीं मिला तो टोटियां ही बना लीं निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के इरादे से घर में घुसे थे, लेकिन वहां कोई ऐसा सामान नहीं मिला जिसे आसानी से ले जाया जा सके या अच्छी कीमत मिल सके।इसके बाद उन्होंने बाथरूम, रसोई, वॉशबेसिन और अन्य जगहों पर लगी पीतल की टोटियां निकालना शुरू कर दिया। जहां भी टोंटी दिखाई दी, उसे खोलकर अपने साथ ले गए।
कबाड़ी को बेच दी चोरी की गई टोटियां
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी की गई टोटियों को बाद में कबाड़ी के यहां बेच दिया। मकान मालिक की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज की और तकनीकी व स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों तक पहुंच गई।
कुछ ही घंटों में चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान मनी, अमीर, अनस और आबिद के रूप में हुई है। सभी आरोपी बांदा नगर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

