नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लालकिले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए राष्ट्र की एकता, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए की और कहा कि आज पूरा देश उत्साह, उमंग और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
हर दिल में देशभक्ति का भाव, पीएम बोले- हर घर तिरंगा और हर मन तिरंगा
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के लोगों की भावनाएं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं। हर घर में तिरंगा दिखाई दे रहा है और हर मन में तिरंगे का भाव है। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक नए संकल्पों के साथ भारत को आगे ले जाने की दिशा में प्रयास कर रहा है।
पीएम मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उन महान सपूतों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने भारत की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
बापू से लेकर क्रांतिकारियों तक, स्वतंत्रता संग्राम के सभी नायकों को किया नमन
प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी सहित देश के सभी स्वतंत्रता सेनानियों और महान क्रांतिकारियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि आजादी हासिल करना ही जिनका एकमात्र लक्ष्य था, ऐसे वीरों ने अपने जीवन का हर पल देश के नाम कर दिया।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के तप, त्याग और बलिदान को भारत की गौरवशाली परंपरा का हिस्सा बताते हुए उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
आजादी के बाद पहली बार लालकिले से गूंजा वंदे मातरम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आजादी के बाद पहली बार 15 अगस्त के अवसर पर लालकिले की प्राचीर से वंदे मातरम की गूंज सुनाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि देश इस समय वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी मना रहा है। ऐसे समय में स्वतंत्रता दिवस के मंच से वंदे मातरम का गूंजना अपने आप में विशेष महत्व रखता है।
बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित परिवारों को दिया भरोसा, बोले- पूरा देश आपके साथ
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में हाल के दिनों में आई प्राकृतिक आपदाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में बाढ़ और भूस्खलन के कारण लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है और अनेक परिवार प्रभावित हुए हैं।
पीएम मोदी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश उनके दुख और पीड़ा को समझता है। उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार और पूरा देश संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़ा है।

