सूरजपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। प्रेमनगर पुलिस ने वाहन से 88 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 44 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर शुरू हुई घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, प्रेमनगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन के जरिए गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संबंधित क्षेत्र में निगरानी और वाहन चेकिंग शुरू कर दी।इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो दिखाई दी। पुलिस को देखकर वाहन चालक ने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा करते हुए ब्रम्हपुर के पास वाहन को रोक लिया।
तलाशी में मिली 88 किलो से ज्यादा खेप
वाहन की जांच के दौरान पुलिस को 88 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा मिला। पूछताछ में प्रारंभिक रूप से सामने आया कि गांजे की खेप रायगढ़ की ओर से लाई जा रही थी और उसे बचरापोड़ी की दिशा में पहुंचाने की तैयारी थी।पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया है।
आरोपी जेल भेजा गया, नेटवर्क की जांच जारी
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और गांजा तस्करी का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।पुलिस का फोकस अब सप्लाई चेन, खरीदारों और तस्करी में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की पहचान पर है।

