नेपाल : आई भीषण बाढ़ और उससे हुई व्यापक तबाही को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को अलग-अलग पत्र लिखकर नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी तथा आपदा प्रभावित लोगों के लिए तत्काल मानवीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी पर जताई चिंता
प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में खड़गे ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है, जबकि बड़ी तादाद में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि नेपाल के कई हिस्सों में हजारों लोग भोजन, दवाइयों, सुरक्षित आश्रय और दूसरी जरूरी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। ऐसे हालात में भारत को पड़ोसी देश के साथ खड़े होकर राहत और बचाव कार्यों में हर संभव सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।खड़गे ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि नेपाल सरकार के साथ समन्वय करते हुए प्रभावित इलाकों में राहत सहायता पहुंचाने के प्रयास तेज किए जाएं। साथ ही नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की पहचान, तलाश और सुरक्षित निकासी के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।
करीब 320 भारतीयों से संपर्क नहीं होने का दावा
खड़गे ने विदेश मंत्रालय से प्राप्त जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि नेपाल में लगभग 320 भारतीय नागरिकों से अभी संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने केंद्र से इन लोगों की स्थिति का पता लगाने और उनकी जल्द सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।उन्होंने उम्मीद जताई कि संकट की इस घड़ी में भारत सरकार नेपाल में फंसे भारतीयों और आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाएगी।
अमित शाह से एनडीआरएफ की मदद पर विचार करने का आग्रह
गृह मंत्री अमित शाह को भेजे अलग पत्र में खड़गे ने नेपाल में बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान और बड़े पैमाने पर हुए विस्थापन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि घरों और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचने से प्रभावित समुदायों के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया है।खड़गे ने भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे सामाजिक और मानवीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी विपदा में भारत को अपने पड़ोसी के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।
जहां जरूरत हो वहां एनडीआरएफ भेजने की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष ने गृह मंत्रालय से नेपाल को व्यापक आपदा राहत उपलब्ध कराने पर विचार करने का अनुरोध किया। उन्होंने विशेष रूप से नेपाल सरकार के साथ तालमेल बनाकर जरूरत वाले इलाकों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमों की तैनाती पर विचार करने की बात कही।उनके अनुसार, आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों में एनडीआरएफ के अनुभव का इस्तेमाल प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों की निकासी और तत्काल राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण हो सकता है।खड़गे ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों तक हर संभव भारतीय सहायता पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।

