अमृतसर के मट्टेवाल थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय नवनीत कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसकी मां सरबजीत कौर को जब बेटी का फोन आना बंद हुआ तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इससे पहले 31 अगस्त को नवनीत ने फोन पर बताया था कि उसके पिता घर के पीछे एक गड्ढा खोद रहे हैं। इसके बाद बेटी से संपर्क नहीं हो सका।
मां ने पति पर लगाया गंभीर आरोप
सरबजीत कौर के अनुसार, उनके पति को नवनीत के चरित्र को लेकर संदेह था और इसी बात पर घर में अक्सर विवाद होता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पति ने बेटी को धमकाया भी था और घर से चले जाने के लिए कहा था।परिवार में पहले से भी तनाव की स्थिति बताई जा रही है। सरबजीत के मुताबिक, उनकी बड़ी बेटी ने करीब आठ महीने पहले घर से भागकर शादी कर ली थी, जिसे लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।
ताजी मिट्टी देखकर मां को हुआ शक
बुधवार को जब सरबजीत उस स्थान पर पहुंचीं, जहां नवनीत ने गड्ढा खोदे जाने की जानकारी दी थी, वहां उन्हें ताजी मिट्टी दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।पुलिस टीम ने JCB की मदद से जमीन की खुदाई कराई। खुदाई के दौरान नवनीत कौर का शव बरामद हुआ। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पिता पर हत्या का आरोप, पुलिस कर रही तलाश
मट्टेवाल थाना प्रभारी दलजीत सिंह के मुताबिक, मृतका की मां ने अपने पति पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी कथित तौर पर फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।पुलिस का कहना है कि युवती की मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होंगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश के साथ मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

