Durg News: मेडिकल कॉलेज की इमारत में स्लैब गिरा, 9 मजदूर घायल — दूसरी मंजिल की ढलाई के दौरान हुआ बड़ा हादसा

दुर्ग: जिले के जुनवानी इलाके में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। ‘अभिषेक मिश्रा मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल’ की निर्माणाधीन इमारत में दूसरी मंजिल की ढलाई के दौरान स्लैब गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में नौ मजदूर घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना स्मृति नगर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। इमारत में हाल ही में डाली गई स्लैब अचानक भरभरा कर गिर गई, जिसके नीचे मजदूर काम कर रहे थे। गिरते ही मौके पर हड़कंप मच गया। बाकी मजदूरों ने शोर मचाकर मदद बुलाई, जिसके बाद राहत-बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फंसे हुए सभी श्रमिकों को निकालकर पास स्थित शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, ज्यादातर मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि दो को गंभीर चोटों के चलते रायपुर रेफर करने की तैयारी चल रही है।

पुलिस ने बताया कि हादसे के समय निर्माण कार्य दूसरी मंजिल पर चल रहा था। इमारत का निर्माण कार्य शंकराचार्य समूह द्वारा कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल, यह आशंका जताई जा रही है कि स्लैब की ढलाई में तकनीकी लापरवाही या निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कमी हादसे का कारण हो सकती है

रायपुर का मोस्ट वांटेड वीरेंद्र तोमर गिरफ्तार, कभी जिस इलाके में बोलती थी तूती वहीं बेबस हुआ अपराधी, पुलिस जुलूस के दौरान गिर पड़ा बेहोश

सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि “पुरानी बिल्डिंग के पास नई इमारत का निर्माण चल रहा था। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।” इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस इंजीनियरिंग टीम की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्लैब गिरने की असली वजह क्या थी और इसमें लापरवाही किसकी थी।

Leave a Comment