दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला फेज-1 स्थित इंदिरा कल्याण विहार इलाके में शुक्रवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते दो झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोग झुलस गए। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक, घटना की सूचना सुबह करीब 7:25 बजे मिली थी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने दो वॉटर टेंडर और एक वॉटर बाउजर को मौके पर भेजा। दमकल कर्मियों ने कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
तीनों घायलों को अस्पताल ले गए स्थानीय लोग
आग की चपेट में आने से संदीप, प्रहलाद और सतेंद्र घायल हुए हैं। 23 वर्षीय संदीप करीब 50 से 60 प्रतिशत झुलस गया है। 26 वर्षीय प्रहलाद को करीब 20 प्रतिशत और 52 वर्षीय सतेंद्र को करीब 10 से 20 प्रतिशत जलने की चोटें आई हैं।
दमकल विभाग के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को ESI अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
आग पर पाया गया काबू, जांच जारी
दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया। फिलहाल आग लगने की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की जांच की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

