वियतनाम में 5 सितंबर को आयोजित मिस वर्ल्ड 2026 के ग्रैंड फिनाले में डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व सुंदरी का खिताब अपने नाम कर लिया। खिताब जीतने के साथ ही उन्हें पिछले साल की विजेता थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी ने मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया।
ओपल सुचाता अपने देश की पहली मिस वर्ल्ड विजेता बनी थीं। अब जोहेरी मोला ने डोमिनिकन रिपब्लिक का नाम इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नई ऊंचाई तक पहुंचाया है।
स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस रहीं पहली रनर-अप
फाइनल मुकाबले में स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस ने भी मजबूत दावेदारी पेश की। उन्होंने कई चरणों में जोहेरी मोला को कड़ी चुनौती दी, लेकिन अंतिम परिणाम में जोहेरी ने बाजी मार ली। एलिजाबेथ को फर्स्ट रनर-अप घोषित किया गया।
वहीं मलेशिया की तानुसिया चेट्टी ने तीसरा स्थान हासिल करते हुए सेकंड रनर-अप का खिताब अपने नाम किया।
टॉप-6 में पहुंचीं ये प्रतियोगी
मिस वर्ल्ड 2026 के अंतिम चरण में छह सुंदरियों ने जगह बनाई थी। इनमें डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोला, एरिट्रिया की स्निट हबटैब, वियतनाम की ले गुयेन बाओ एनगोक, मलेशिया की तानुसिया चेट्टी, स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस और साउथ अफ्रीका की रोमांडा होमबीर शामिल थीं।
अंतिम मुकाबले में इन सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन के बाद जोहेरी मोला को विजेता चुना गया।
भारत की निकिता पोरवाल का सफर टॉप-40 पर थमा
भारत की तरफ से निकिता पोरवाल ने मिस वर्ल्ड 2026 में देश का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि वह टॉप-40 चरण से आगे नहीं बढ़ सकीं और टॉप-20 में अपनी जगह नहीं बना पाईं। इसके साथ ही प्रतियोगिता में उनका सफर समाप्त हो गया।
एक्टिंग और थिएटर से जुड़ा रहा है निकिता का सफर
निकिता पोरवाल का संबंध मनोरंजन और रंगमंच की दुनिया से भी रहा है। उन्होंने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स की पढ़ाई की और ड्रामेटिक्स तथा एक्टिंग में प्रशिक्षण लिया।
उन्होंने 2018 में टीवी एंकर के तौर पर करियर शुरू किया था। इसके बाद थिएटर में सक्रिय रहते हुए वह 60 से अधिक नाटकों का हिस्सा रह चुकी हैं। वर्ष 2024 में निकिता ने फेमिना मिस इंडिया मध्य प्रदेश का खिताब जीता और फिर फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का ताज भी हासिल किया था।

