गरियाबंद जिले के गजपल्ला वॉटरफॉल में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर से पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक की झरने के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पर्यटन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों के साथ गजपल्ला वॉटरफॉल घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचा था। सभी दोस्त झरने के आसपास समय बिता रहे थे। इसी दौरान युवक नहाते समय अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
घटना के बाद साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दी। जानकारी मिलते ही गरियाबंद जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। युवक की तलाश के लिए गोताखोरों और रेस्क्यू टीम को लगाया गया।
समाचार लिखे जाने तक युवक को पानी से बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जारी था। हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल देखा गया।
वॉटरफॉल की सुरक्षा व्यवस्था फिर सवालों के घेरे में
गजपल्ला वॉटरफॉल में हुए इस हादसे ने जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गरियाबंद जिले में कई झरने और पिकनिक स्पॉट पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं, लेकिन बारिश के मौसम में इन स्थानों पर पानी का बहाव और गहराई अचानक बढ़ने से खतरा भी कई गुना बढ़ जाता है।
ऐसे स्थानों पर सुरक्षा गार्ड, पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और संवेदनशील इलाकों में प्रवेश रोकने जैसी व्यवस्थाओं की जरूरत रहती है। लगातार सामने आ रहे हादसों के बीच इन इंतजामों को मजबूत करने की मांग भी तेज हो रही है, ताकि पर्यटन के लिए आने वाले लोगों की जान सुरक्षित रह सके।

