सागर की बंडा विधानसभा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मध्य प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इस घटना में अब तक 11 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि कई लोग गंभीर हालत में उपचार करा रहे हैं।घटना के बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। ग्वालियर और मुरैना में भी पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी करते हुए अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को नष्ट किया है।
मोहना के पास ढाबे से शराब बनाने का सामान बरामद
ग्वालियर में आबकारी विभाग की टीम ने ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे पर मोहना के नजदीक एक ढाबे पर छापा मारा। जांच के दौरान वहां अवैध शराब निर्माण से जुड़ा बड़ा जखीरा मिलने का दावा किया गया है।टीम ने मौके से 2600 लीटर ओपी यानी इथेनॉल, 63 बल्क लीटर शराब, 20 ड्रम पेट्रोल और 18 ड्रम थिनर बरामद किया। जब्त सामग्री की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार बरामद इथेनॉल से लगभग 32 लाख रुपये मूल्य की शराब तैयार की जा सकती थी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, आबकारी एक्ट में केस दर्ज
संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल शर्मा, सौरभ गुर्जर और अरबाज खान के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, तीनों कथित तौर पर मिलकर अवैध शराब बनाने का काम कर रहे थे। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
अवैध शराब के साथ नकली पेट्रोल बनाने का भी खुलासा
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर पेट्रोल में थिनर, इथेनॉल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मिलाकर नकली पेट्रोल तैयार किए जाने का भी संदेह है। तैयार मिश्रण को हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को बेचने की बात सामने आई है।इससे साफ है कि कार्रवाई के दौरान केवल अवैध शराब का कारोबार ही नहीं, बल्कि दूसरे खतरनाक अवैध कारोबार से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
करहिया पुलिस ने 600 लीटर गुड़ लाहन किया नष्ट
डबरा तहसील के करहिया थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई की। थाना प्रभारी संजू यादव के निर्देश पर पुलिस टीम लाल डांडा क्षेत्र में पहुंची, जहां सरकारी जमीन पर नाले के किनारे अवैध शराब तैयार किए जाने की जानकारी मिली थी।मौके पर लोहे की भट्टी लगी मिली, जिसमें गुड़ लाहन गर्म किया जा रहा था। वहां पांच नीले ड्रम भी रखे थे, जिनमें लाहन भरा हुआ था। पुलिस ने करीब 600 लीटर गुड़ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया और अवैध शराब बनाने की प्रक्रिया को बंद कराया।
अवैध कारोबार करने वालों पर लगातार होगी कार्रवाई
करहिया थाना प्रभारी संजू यादव ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

