सागर जिले में जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस और प्रशासन ने कई स्तरों पर कार्रवाई तेज कर दी है। बंडा थाने में नए प्रभारी की नियुक्ति के साथ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। वहीं आबकारी विभाग ने शराब की बिक्री और दुकानों की निगरानी को लेकर भी सख्ती बढ़ा दी है।
बंडा थाने की कमान आनंद सिंह ठाकुर को मिली
बंडा पुलिस थाने की जिम्मेदारी अब आनंद सिंह ठाकुर को दी गई है। उन्हें तेज-तर्रार अधिकारियों में गिना जाता है। वहीं छानबीला थाना प्रभारी के तौर पर विद्यानंद यादव की नियुक्ति की गई है।जहरीली शराब मामले के बाद पुलिस विभाग ने तत्कालीन बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा और गूगरा खुद थाना प्रभारी पूरनलाल लाडिया को निलंबित कर दिया था। इसके बाद अब थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है।
SDM और SDOP भी बदले, नई टीम को मिली जिम्मेदारी
प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा बदलाव किया गया है। 7 सितंबर 2026 को बंडा SDM आरती यादव को हटाकर सागर जिला कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ किया गया। उनकी जगह संजय कुमार जैन को बंडा SDM की जिम्मेदारी दी गई है।इसी तरह बंडा SDOP प्रदीप वाल्मीकि को हटाकर भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। अब रोहित लखारे बंडा SDOP की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इन दो ब्रांड की शराब की बिक्री पर रोक
जहरीली शराब की घटना के बाद आबकारी विभाग ने शराब दुकानों की जांच का फैसला लिया है। जिले में दुकानों का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा और शराब की गुणवत्ता तथा पैकेजिंग की जांच पर विशेष जोर रहेगा।विभाग ने बाम्बे व्हिस्की और सागर गोल्ड ब्रांड की शराब की बिक्री पर रोक लगा दी है। इसके अलावा बिना लेबल वाली शराब बेचने पर भी सख्ती जारी रहेगी।शराब की बोतलों पर लगे लेबल की जांच की जाएगी। परमिट जारी करने की प्रक्रिया में बैच नंबर और QR कोड का सत्यापन भी किया जाएगा, ताकि शराब की सप्लाई और बिक्री के स्रोत का पता लगाया जा सके।
बीना में यूपी की शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
बीना में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश में निर्मित दबंग 28 ब्रांड के 13 टेट्रा पैक बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। उसके खिलाफ आबकारी कानून के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

