भोपाल में अनंत चतुर्दशी के मौके पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 25 सितंबर की शाम भारत टॉकीज से मुख्य गणेश विसर्जन चल समारोह निकलेगा। शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है।
इस बार भोपाल के 7 प्रमुख घाटों पर करीब 10 हजार गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का अनुमान है। ऐसे में जुलूस और विसर्जन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भारी वाहनों से लेकर सिटी बस और मैजिक के संचालन तक में बदलाव किया गया है।
20 से ज्यादा इलाकों में बदलेगा ट्रैफिक रूट
गणेश विसर्जन चल समारोह के दौरान शहर के 20 से ज्यादा प्रमुख स्थानों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। इनमें भारत टॉकीज, अल्पना टॉकीज तिराहा, नादरा बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज चौराहा, रोशनपुरा चौराहा, माता मंदिर, पॉलीटेक्निक चौराहा और पीएंडटी चौराहा शामिल है।
इसके अलावा भारत माता चौराहा, मैनिट गेट, भदभदा तिराहा, प्रेमपुरा तिराहा, बिट्टन मार्केट, न्यू मार्केट, ज्योति टॉकीज, पीरगेट और इब्राहिमपुरा समेत कई अन्य मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था बदली जाएगी।
सुबह 8 बजे से भारी वाहनों की शहर में एंट्री बंद
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को सुबह 8 बजे से देर रात तक शहर के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भारत टॉकीज से अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज की दिशा में भारी वाहनों को जाने की अनुमति नही दी जाएगी।
रोशनपुरा की तरफ से भारत टॉकीज आने वाले भारी वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य मुख्य विसर्जन मार्ग पर वाहनों का दबाव कम रखना है।
इन इलाकों से आने वाले ट्रक और डंपर होंगे डायवर्ट
बैरागढ़, लालघाटी, भानपुर और करोंद की तरफ से भोपाल आने वाले ट्रक और डंपर शहर में प्रवेश नही कर सकेंगे। इन वाहनों को बायपास मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
इसी तरह होशंगाबाद रोड, मंडीदीप और ओबेदुल्लागंज की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए है। विदिशा, सांची और रायसेन रोड से भोपाल की तरफ आने वाले भारी वाहनों को भी शहर के भीतरी हिस्से में जाने से रोका जाएगा और डायवर्जन रूट से निकाला जाएगा।
शाम 5 बजे के बाद इन इलाकों में सिटी बस और मैजिक भी बंद
विसर्जन चल समारोह को देखते हुए शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज क्षेत्र में सिटी बस और मैजिक वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
इन इलाकों से होकर गुजरने वाली बसों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा। इससे मुख्य समारोह वाले रास्तों पर भीड़ और वाहनों का दबाव कम रखने की कोशिश की जाएगी।
10 हजार प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी तैयारी
भोपाल में अनंत चतुर्दशी पर हजारों गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होना है। शहर के 7 घाटों पर करीब 10 हजार प्रतिमाएं पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही मुख्य चल समारोह में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
ऐसे में लोगों के लिए जरूरी है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी ले लें और डायवर्जन वाले रास्तों पर जाने से बचें। खास तौर पर भारी वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करना होगा।

