भोपाल: मध्य प्रदेश भाजपा संगठन से जुड़ी गतिविधियों को लेकर भोपाल में दो दिनों तक बैठकों का दौर चलेगा। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और मध्य प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सह प्रभारी रेखा वर्मा 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को राजधानी में रहेंगे। इस दौरान संगठन के कामकाज, आगामी कार्यक्रमों और सरकार तथा संगठन के बीच समन्वय से जुड़े विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।
गुफा मंदिर में दर्शन के बाद कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात
प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब के कार्यक्रम की शुरुआत लालघाटी स्थित गुफा मंदिर के बूढ़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन से होगी। इसके बाद वे पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
देब के कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से उनके निवास पर जाकर मुलाकात भी शामिल है। शाम 4 बजे वे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे।
इस बैठक में संगठन से जुड़े विषयों और सरकार के साथ समन्वय सहित पार्टी की आगामी गतिविधियों पर चर्चा होने की जानकारी है।
रेखा वर्मा भी कार्यकर्ताओं से करेंगी संवाद
भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा भी भोपाल प्रवास के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। उनका कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय से शुरू होगा, जहां वे कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगी।
इसके बाद वह एक पार्टी कार्यकर्ता के निवास पर भोजन करेंगी। शाम 5 बजे रेखा वर्मा भी प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगी।
1 अक्टूबर को प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक
दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन यानी 1 अक्टूबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में विस्तृत बैठक प्रस्तावित है। इसमें प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा के साथ प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी और पार्टी के सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। इस दौरान अलग-अलग संगठनात्मक जिम्मेदारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
दोनों नेताओं के भोपाल प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों को प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा और आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने के लिहाज से देखा जा रहा है।

