Amit Shah Bhopal Visit: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 2 अक्टूबर की रात भोपाल पहुंचेंगे। उनके रात करीब 9 बजे राजधानी पहुंचने का कार्यक्रम है। भोपाल में रात्रि विश्राम के बाद 3 अक्टूबर को वे राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 35 हजार से ज्यादा गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्यों के पहुंचने की तैयारी है।
गोपालक सम्मेलन में कई योजनाओं और उपलब्धियों का होगा प्रस्तुतीकरण
3 अक्टूबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में कृषक कल्याण वर्ष के दौरान किए गए कामों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही बलराम कृषि महोत्सव की उपलब्धियों को भी सामने रखा जाएगा।कार्यक्रम के दौरान गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग की ओर से अपने-अपने विभागों से जुड़े काम और उपलब्धियां प्रस्तुत की जाएंगी। बड़ी संख्या में गोपालकों और सहकारी क्षेत्र से जुड़े लोगों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
16.80 करोड़ की लागत से तैयार डेयरी प्लांट का शुभारंभ
भोपाल दौरे के दौरान अमित शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार किए गए फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन भी करेंगे। इस प्लांट के निर्माण पर कुल 16.80 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 6 करोड़ रुपए और भोपाल दुग्ध संघ की ओर से 10.80 करोड़ रुपए का योगदान दिया गया है।प्लांट में प्रतिदिन करीब 40 हजार लीटर दूध के प्रसंस्करण कीक्षमता बताई गई है। यहां दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा सहित कई दुग्ध उत्पाद तैयार किए जाएंगे।
अमित शाह के काफिले को लेकर भोपाल में ट्रैफिक डायवर्जन
केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए भोपाल यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन की व्यवस्था जारी की है। पुलिस के अनुसार, स्टेट हैंगर से होटल ताज तक उनके आवागमन के दौरान शाम 6 बजे से यात्री बसों और भारी वाहनों के लिए मार्ग बदला जाएगा। सामान्य दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए रात 8 बजे से डायवर्जन लागू किया जाएगा।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों के लिए प्रतिबंध लागू नहीं रहेगा।
इन रास्तों पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी की जरूरत
स्टेट हैंगर से होटल ताज की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं। सीहोर और इंदौर की तरफ जाने वाले वाहन कुछ वैकल्पिक मार्गों से आवाजाही कर सकेंगे, जबकि शहर के भीतर आने-जाने वाले वाहन भी निर्धारित डायवर्टेड रूट का इस्तेमाल करेंगे।भोपाल यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अमित शाह के दौरे के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित या डायवर्ट किए गए मार्गों का इस्तेमाल न करें और यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर देख लें।

