कोरबा के उरगा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग से दुष्कर्म और छेड़छाड़ के आरोपी तथा अवैध महुआ शराब बेचने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
स्कूल जाने निकली थी नाबालिग
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की सुबह एक नाबालिग बालिका घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची। परिजनों ने थाना उरगा में शिकायत दर्ज कराते हुए आशंका जताई कि कोई व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 520/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तलाश के बाद बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
बयान में सामने आई गंभीर बात
जांच के दौरान बालिका ने बाल कल्याण समिति और न्यायालय के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक बयान में मुकेश यादव पर बहला-फुसलाकर ले जाने, छेड़छाड़ करने और पहले दुष्कर्म करने के आरोप सामने आए।इसके बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 65(1), 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 8 जोड़ी। पुलिस ने 6 अक्टूबर को मुकेश यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी धंवईपुर, थाना कटघोरा को गिरफ्तार किया। उसे विशेष न्यायालय एफटीएससी कोरबा में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पानी टंकी के पास चल रही थी शराब बिक्री
दूसरी कार्रवाई अवैध महुआ शराब के खिलाफ हुई। 5 अक्टूबर को उरगा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि दर्राभाठा पानी टंकी के पास एक व्यक्ति कच्ची महुआ शराब बेच रहा है।सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अजीत खुटे, उम्र 43 वर्ष, निवासी खोडडल, थाना उरगा के रूप में हुई।
थैले से मिली 8 लीटर कच्ची शराब
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद बाजारू थैले की तलाशी ली। इसमें पारदर्शी पन्नी के अंदर करीब 8 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली। शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज आरोपी पुलिस को नहीं दिखा सका।इसके बाद शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 551/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में केस दर्ज किया गया। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अपराध पर कार्रवाई जारी रखने का दावा
कोरबा पुलिस के मुताबिक महिला और बच्चों से जुड़े गंभीर अपराधों के आरोपियों के साथ अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

