नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में स्थित एक फाइव स्टार होटल की पार्किंग में नागालैंड की एक युवती और उसके दोस्तों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, युवती के साथ बदसलूकी करने के बाद उसे जबरन कार में खींचने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उसके दोस्तों पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप है। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
सुबह साढे तीन बजे पार्किंग में हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार तडके करीब 3:30 बजे होटल के पार्किंग एरिया में हुई। युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ पार्किंग में मौजूद थी। इसी दौरान सफेद रंग की मर्सिडीज में तीन युवक वहां पहुंचे।
आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ बदसलूकी की और उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश की।
दोस्तों ने बचाने की कोशिश की तो हमला
युवती को बचाने के लिए उसके दोस्तों ने हस्तक्षेप किया। आरोप है कि इसके बाद तीनों युवकों ने हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से युवती के दोस्तों पर हमला कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। हालांकि युवती ने कथित तौर पर कार का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया था, जिससे पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।
पुलिस ने तीन युवकों को दबोचा
पुलिस ने जांच के बाद दिव्यांशु, गौरव और मोहित नाम के तीन आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में चाणक्यपुरी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने युवती को मेडिकल जांच के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा। अधिकारियों के मुताबिक, केस महिला की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दर्ज किया गया है।
CCTV फुटेज से खुलेगा पूरा घटनाक्रम
पुलिस अब होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घटना की शुरुआत कैसे हुई और विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने कुछ आरोपों से इनकार किया है। ऐसे में पुलिस CCTV फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और घटना के समय मौजूद लोगों के बयानों को मिलाकर पूरे मामले की जांच कर रही है।

