इंदौर। शहर में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां इंस्टाग्राम रील बनाने के बहाने एक ज्वैलरी शोरूम के मैनेजर से 10 लाख रुपये ले जाने का आरोप उसकी पुरानी परिचित युवती पर लगा है। शिकायत के मुताबिक, युवती ने पहले मैनेजर को फोटो और रील बनाने के लिए राजी किया, फिर बैंक में जमा कराने के लिए ले जाई जा रही रकम अपनी एक्टिवा की डिग्गी में रखवा ली। इसके बाद वह घर जाने का बहाना बनाकर रुपये समेत वाहन लेकर चली गई। एमजी रोड पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक जाते समय मिली पुरानी परिचित
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, अंकित उपाध्याय सराफा क्षेत्र स्थित सांवरवाला ज्वैलर्स में मैनेजर के पद पर काम करते हैं। 8 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे वह शोरूम से मिले 10 लाख रुपये बैंक में जमा कराने के लिए मोपेड से निकले थे।
इसी दौरान डीआरपी लाइन के पास भारतीय स्टेट बैंक के गेट पर उनकी मुलाकात पुरानी परिचित आयुषी बागदे उर्फ आयुषी वर्मा से हुई। आरोप है कि युवती ने अंकित को रोककर कहा कि वह अक्सर बड़ी रकम बैंक में जमा कराने जाते हैं। इसी बात का हवाला देते हुए उसने रकम के साथ फोटो खिंचवाने और इंस्टाग्राम रील बनाने की इच्छा जताई।
पहले किया इनकार, फिर भरोसे में आ गए मैनेजर
शिकायत में बताया गया है कि अंकित ने शुरुआत में रील बनाने से मना कर दिया था। हालांकि, युवती के बार-बार आग्रह करने और कसम देने के बाद वह स्नेहलतागंज स्थित उसके घर के पास चले गए।
वहां युवती ने उनसे 10 लाख रुपये अपनी एक्टिवा की डिग्गी में रखने को कहा। उसने भरोसा दिलाया कि रील बनाने के बाद रकम वापस कर देगी। पुरानी पहचान के कारण अंकित ने उसकी बात मान ली और रुपये एक्टिवा की डिग्गी में रख दिए।
घर जाने का बहाना बनाकर रुपये लेकर निकली युवती
आरोप है कि रकम रखने के बाद युवती ने घर जाने की बात कही और एक्टिवा लेकर वहां से चली गई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। अंकित ने घटना की जानकारी अपने शोरूम मालिक को दी और फिर एमजी रोड थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत सौंपी।
एमजी रोड पुलिस ने दर्ज किया मामला
अंकित ने थाना प्रभारी विजय सिसौदिया को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवती पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

