रायपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर में सामाजिक बदलाव की अनोखी मिसाल देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जगदलपुर में ‘पंडुम कैफे’ का उद्घाटन किया, जहां कॉफी सर्व करने वाले हाथ कभी जंगलों में AK-47 चलाते थे और IED बिछाते थे। यह कैफे राज्य सरकार की पुनर्वास पहल का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य पूर्व नक्सलियों और नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों को सम्मानजनक आजीविका देना है।
इस कैफे में काम कर रहे कर्मचारी वे लोग हैं जिन्होंने कभी नक्सल संगठन में हथियार उठाए थे या हिंसा के शिकार थे। पंडुम कैफे को जगदलपुर के पुलिस लाइन परिसर में शुरू किया गया है। उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री साय ने फगनी (नारायणपुर), पुष्पा ठाकुर (सुकमा), बीरेंद्र ठाकुर, आशमती और प्रेमिला बघेल जैसे युवाओं से मुलाकात की, जो आज अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे हैं।
पूर्व नक्सलियों को दी गई विशेष ट्रेनिंग
सरकार और जिला प्रशासन ने कैफे में काम करने वाले युवाओं को हॉस्पिटैलिटी, कैफे मैनेजमेंट, ग्राहक सेवा, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षण दिया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडुम कैफे नक्सलवाद के कमज़ोर पड़ने और बस्तर में शांति स्थापित होने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
‘बारूद की जगह कॉफी’, बदली जिन्दगी की कहानी
कैफे में काम कर रहीं कई महिलाओं और युवाओं ने बताया कि यह अवसर उनके लिए “नए जन्म” जैसा है। एक पूर्व महिला माओवादी ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने जीवन में सिर्फ अंधेरा देखा था, लेकिन अब समाज की सेवा करके उन्हें सम्मान और शांति मिल रही है।
एक अन्य सहयोगी ने कहा कि पहले परिवार के भविष्य को लेकर कोई उम्मीद नहीं थी, लेकिन अब कड़ी मेहनत से कमाए पैसों से वे अपने घर को बेहतर जीवन दे पा रहे हैं।
समुदाय और प्रशासन ने जीता भरोसा
पूर्व नक्सलियों ने बताया कि मुख्यधारा में लौटना आसान नहीं था, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने उनका साथ दिया, ट्रेनिंग दी और भरोसा जीतकर उन्हें एक नया जीवन दिया। कई लोग अब पीड़ितों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, जिससे उन्हें अपने अतीत की गलतियों को सुधारने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का अवसर मिला है।
कैफे की खास पहचान: ‘हर कप एक कहानी’
‘पंडुम’ बस्तर की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। कैफे की टैगलाइन “जहां हर कप एक कहानी कहता है” इस बात को दर्शाती है कि यहां परोसी जाने वाली कॉफी सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस और नई शुरुआत की कहानी अपने साथ लिए होती है।