WhatsApp ने ग्रुप मैनेजमेंट को आसान बनाने के लिए कई नए फीचर्स पेश किए है। अब ग्रुप में शामिल होने वाले नए सदस्यों को पुरानी बातचीत की जानकारी देना आसान होगा। इसके अलावा जरूरी मैसेज को लंबे समय तक पिन करने, मेंशन किए गए मैसेज खोजने और खास ग्रुप के साथ स्टेटस साझा करने की सुविधा भी मिलेगी।
नए सदस्यों के साथ शेयर कर सकेंगे पुरानी चैट
अब ग्रुप एडमिन नए सदस्य को पुरानी बातचीत के कुछ हिस्से शेयर कर सकेंगे। इसके लिए नए मेंबर के नाम पर टैप करके हाल की चैट हिस्ट्री भेजने का विकल्प मिलेगा। इससे नए सदस्य को ग्रुप में पहले हुई चर्चा और जरूरी जानकारियों को समझने में आसानी होगी।
जरूरी मैसेज को हमेशा के लिए कर सकेंगे पिन
WhatsApp ने मैसेज पिन करने की सुविधा में भी बदलाव किया है। पहले किसी मैसेज को अधिकतम 30 दिनों तक ही पिन रखा जा सकता था, लेकिन नए अपडेट के बाद इस समय सीमा को हटा दिया गया है। अब ग्रुप के जरूरी मैसेज को लंबे समय तक पिन करके रखा जा सकेगा, ताकि सदस्य जरूरत पड़ने पर उसे आसानी से देख सकें।
मेंशन किए गए मैसेज खोजने के लिए मिलेगा नया फिल्टर
ग्रुप में लगातार आने वाले मैसेज के बीच अपनी जरूरत की जानकारी तलाशना अब आसान होगा। WhatsApp में मेंशन फिल्टर दिया जा रहा है। इसे इस्तेमाल करने पर केवल वही मैसेज दिखाई देंगे, जिनमें संबंधित सदस्य को टैग या मेंशन किया गया है।
खास ग्रुप के सदस्यों के साथ शेयर कर सकेंगे स्टेटस
नए अपडेट में ग्रुप स्टेटस का विकल्प भी शामिल है। इसके जरिए यूजर अपना स्टेटस किसी खास WhatsApp ग्रुप के सदस्यों के साथ साझा कर सकेंगे। यह स्टेटस 24 घंटे बाद अपने आप गायब हो जाएगा। खास बात यह है कि ग्रुप के दूसरे सदस्य इस पर रिएक्शन भी दे सकेंगे।
ग्रुप बातचीत को व्यवस्थित बनाने की कोशिश
इन नए फीचर्स का मकसद ग्रुप में पुरानी जानकारी तक पहुंच आसान करना और जरूरी संदेशों को व्यवस्थित रखना है। इससे बड़े और लगातार सक्रिय रहने वाले WhatsApp ग्रुप में बातचीत को संभालना पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक हो सकता है।

