Cardiac Arrest In Sleep: टीवी इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार, 27 अक्टूबर की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। सुबह काफी देर तक उनके कमरे से कोई हलचल नही हुई। अलार्म बजने पर उनकी मां उन्हें देखने पहुंचीं, जहां पता चला कि अनुज का निधन हो चुका है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। बताया गया है कि इससे पहले भी उन्हें हार्ट अटैक आ चुका था।
करीबी दोस्त ने बताई बीमारी से जुड़ी जानकारी
अनुज के करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश ने बताया कि अभिनेता पिछले करीब एक साल से दिल की समस्या से जुड़ी दवाएं ले रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद परिवार के साथ टीवी इंडस्ट्री के लोग भी शोक में है।
अचानक निधन से परिवार सदमे में
अनुज के असमय निधन से परिजन गहरे सदमे में है। जानकारी के मुताबिक, परिवार अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार गया है।अभिनेता के दोस्त रूपेश ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा कर उन्हें याद किया। उन्होंने अनुज को अपना दोस्त ही नही, बल्कि छोटे भाई जैसा बताया। रूपेश ने लिखा कि जिंदगी बेहद अनिश्चित है और इतनी कम उम्र में अनुज का चले जाना उनके लिए बेहद दुखद और अविश्वसनीय है। उन्होंने इस नुकसान को स्वीकार करना बेहद मुश्किल बताया।

