देवघर। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव गुरुवार को देवघर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि तथा कल्याण की कामना की। मंदिर में दर्शन से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के कथित बयानों को लेकर कड़ी नाराजगी जताई।
धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर पप्पू यादव की तीखी प्रतिक्रिया
पप्पू यादव ने भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की कथित टिप्पणियों पर सवाल उठाए। सांसद ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ऐसे बयान देते हैं और दावा करते हैं कि इन बातों का उल्लेख किसी धर्मग्रंथ में नहीं है, बल्कि केवल वही इन्हें बता सकते हैं। कभी रावण तो कभी हनुमान से बातचीत करने की बात कही जाती है। सांसद ने इन दावों पर भी आपत्ति जताई।उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री को तत्काल रांची या आगरा के पागलखाने में बंद करने की जरूरत है।
सनातन धर्म को बांटने की साजिश का लगाया आरोप
सांसद ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री के जरिए कोई सनातन धर्म को कमजोर करने और समाज में विभाजन पैदा करने की साजिश कर रहा है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।पप्पू यादव ने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों के बीच भेद नहीं किया जा सकता। किसी की धार्मिक आस्था को चुनौती देना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब क्षेत्र, लिंग, भाषा और जाति के आधार पर भेदभाव या सवाल खड़े करना कानूनन अपराध है, तो धर्म और आस्था के मामले में ऐसा कैसे किया जा सकता है।
भगवान राम पर बयान को लेकर FIR कराने की तैयारी
पप्पू यादव ने दावा किया कि भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के मामले में वह धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज करा चुके हैं। अब भगवान राम पर दिए गए बयान को लेकर भी केस दर्ज कराने की बात कही। उन्होंने संकेत दिया कि इस संबंध में देवघर में ही प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकती है।धीरेंद्र शास्त्री की ओर से माफी मांगने की बात पर भी सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी को गोली मारने के बाद अदालत में गलती स्वीकार कर लेने से मामला खत्म नहीं हो जाता। पप्पू यादव ने मांग की कि इस मामले में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जानी चाहिए।
