लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर 2026 को लखनऊ मे आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह मे देशभर के 52 मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम शाम 5:30 बजे गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान मे होगा। सम्मान पाने वाले प्रशिक्षुओं ने अखिल भारतीय ट्रेड टेस्ट (AITT) 2026 मे राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किए हैं।
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGT) की ओर से आयोजित इस समारोह का उद्देश्य तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा मे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं की उपलब्धियो को पहचान देना है।
पहली बार दिल्ली से बाहर हो रहा आयोजन
राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन पहली बार दिल्ली से बाहर किया जा रहा है। इसके लिए लखनऊ को चुना गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप मे शामिल होकर देश के अलग-अलग प्रशिक्षण संस्थानो से चुने गए मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित करेंगे।
इस आयोजन को उत्तर प्रदेश के कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
37 CTS और 15 CITS प्रशिक्षुओं को मिलेगा सम्मान
समारोह के लिए कुल 52 प्रशिक्षुओं का चयन किया गया है। इनमे क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम (CTS) के 37 और क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम (CITS) के 15 प्रशिक्षु शामिल हैं।
लिंग के आधार पर चयनित प्रशिक्षुओं का विवरण इस प्रकार है:
-
CTS: 18 पुरुष और 19 महिलाएं
-
CITS: 7 पुरुष और 8 महिलाएं
-
कुल: 25 पुरुष और 27 महिलाएं
इन सभी ने संबंधित प्रशिक्षण योजनाओं के तहत आयोजित अखिल भारतीय ट्रेड टेस्ट मे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है।
यूपी के प्रशिक्षुओं ने भी बनाई जगह
समारोह मे उत्तर प्रदेश के मेधावी प्रशिक्षुओं को भी सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री कपिल देव अग्रवाल के मुताबिक, राज्य के कई प्रशिक्षुओं ने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किए हैं।
सम्मानित होने वाले नामो मे लखनऊ के शाहबाज खान, प्रतिभा, प्राची विश्वकर्मा और अब्दुल मोबीन शामिल हैं। शाहबाज खान ने इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड मे CITS प्रशिक्षण के तहत 750 मे से 745 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है।
तकनीकी शिक्षा और रोजगार पर रहेगा जोर
समारोह के जरिए कौशल आधारित शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण के महत्व को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम के तहत युवाओं को अलग-अलग तकनीकी व्यवसायो का प्रशिक्षण दिया जाता है। वही, क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम के माध्यम से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानो के लिए कुशल प्रशिक्षक तैयार किए जाते हैं।
इन योजनाओ का मकसद युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान और उद्योगो की जरूरत के अनुरूप कौशल उपलब्ध कराना है, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
PM-SETU योजना की प्रगति भी होगी पेश
कार्यक्रम मे प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई (PM-SETU) योजना की प्रगति भी प्रस्तुत की जाएगी। इस योजना के तहत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानो को आधुनिक बनाने और प्रशिक्षण व्यवस्था को उद्योगो की बदलती जरूरत के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण महानिदेशालय के कार्यक्रम मे CTS और CITS के अलावा फ्लेक्सी एमओयू योजना के प्रशिक्षुओं की उपलब्धियो को भी रेखांकित किया जाएगा।
देशभर के संस्थानो से पहुंचेंगे प्रशिक्षु
समारोह मे देश के अलग-अलग औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानो और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानो के प्रतिनिधियो तथा प्रशिक्षुओं के शामिल होने की संभावना है। रिपोर्टों के मुताबिक, कार्यक्रम मे करीब 1,000 से 1,200 प्रशिक्षु हिस्सा ले सकते हैं।
लखनऊ मे होने वाला यह आयोजन तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े युवाओं को राष्ट्रीय मंच देने के साथ कौशल प्रशिक्षण संस्थानो के योगदान को भी सामने लाएगा।

