रायपुर। रायपुर में आज 9 मई को दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। तेज धूप के बाद आसमान में बादल छा गए और इसके बाद आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हुई। कुछ समय के लिए तेज हवाएं चलने से शहर के कई इलाकों में धूल भी उड़ती नजर आई। बारिश शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन आंधी के कारण कुछ जगहों पर सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कई जगहों पर लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और शेड का सहारा लेते दिखे। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले घंटों में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है।
द्रोणिका के कारण बदल रहा मौसम
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तराखंड के ऊपर सक्रिय है। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में द्रोणिका और हवा की अनियमित गति का असर भी बना हुआ है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम बदला है। विभाग ने शनिवार 9 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और अंधड़ चलने की संभावना जताई है। साथ ही एक-दो स्थानों पर वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।
11 मई के बाद गरज-चमक की गतिविधियों में कमी आएगी
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि अगले पांच दिनों तक कई इलाकों में बादल छाए रहने और मेघगर्जन की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि 11 मई के बाद गरज-चमक की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया है। रायपुर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री, सुकमा में 38.8, बिलासपुर में 37.4 और जगदलपुर में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

