परेश रावल स्टारर अपकमिंग फिल्म ‘द ताज स्टोरी’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिल्म 31 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्देशक तुषार अमरीश गोयल की यह फिल्म अपने विवादित विषय को लेकर पहले ही सुर्खियों में रही। फिल्म में परेश रावल, जाकिर हुसैन, अमृता खानविलकर, स्नेहा वाघ और नमित दास जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कहानी ताजमहल के निर्माण से जुड़े विवादित सवालों और ऐतिहासिक तथ्यों के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
करीब 2 मिनट 58 सेकंड के इस ट्रेलर ने पहले पोस्टर को लेकर उठी आलोचनाओं को शांत कर दिया है। फैंस ट्रेलर की जमकर तारीफ कर रहे हैं और परेश रावल के डायलॉग, “उनका काम तो तुड़वाने का था,” को सबसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं। ट्रेलर में परेश रावल कहते दिख रहे हैं, “दुनिया में कभी ऐसा मकबरा देखा है? जिसके ऊपर गुंबद हो और गुंबद पर कलश हो?”। वहीं, वो ताजमहल के डीएनए टेस्ट और इसके ऐतिहासिक सच पर भी सवाल उठाते हैं।
फिल्म में एक सीन में परेश रावल जज के सामने दलील देते हैं, “ताजमहल के नीचे जो 22 कमरे हैं, उनमें कभी गए हैं? अहम बात यह है कि क्या था उन कमरों में, जिसे दीवारों में रातों रात चुनवा दिया गया।” इस पर वह पत्रकारों पर भी बरसते नजर आते हैं और इसे जेनोसाइड का सिंबल बताते हैं। इसके विरोध में परेश को कई नुकसान झेलने पड़ते हैं, उनके परिवार को मुसीबतों का सामना करना पड़ता है, और उनके चेहरे पर कालिख पोती जाती है।
अंत में परेश रावल ट्रेलर में कहते हैं, “सदियों से चली आ रही भारत की सभ्यता को बार-बार खत्म करने की कोशिश की गई, लेकिन वे कभी सफल नहीं हुए। क्यों? क्योंकि भारत की रग-रग में सनातन है।” ट्रेलर के इस विवादित और दमदार कंटेंट ने फिल्म को रिलीज से पहले ही चर्चा में ला दिया है।
Read Also: ‘They Call Him OG’ OTT Release 2025: पवन कल्याण की धमाकेदार एक्शन फिल्म कब और कहां देखें?