रायपुर। केरल में मानसून 4 जून को पहुंचने की संभावना है। प्रदेश में 15 जून तक मानसून की दस्तक देने के आसार हैं। इसके पहले प्री मानसून बारिश होगी। कई इलाकों में 50-60 किमी की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। बादलों की जोरदार गर्जना से आकाशीय बिजली भी गिरने की आशंका है। अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि उमस जारी रहने से लोग परेशान होंगे।
इस बार नौतपा में एक-दो दिन ही लू चली। 2 जून को नौतपा खत्म हो चुका है। इस दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से तेज बारिश हो रही है। अंधड़ से नुकसान भी हो रहा है। कुछ स्थानों पर गाज गिरने से मवेशियों व लोगों की मौत हुई है। राजधानी में बुधवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री रहा।
यह सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से मामूली कम रहा। 42.2 डिग्री के साथ राजनांदगांव प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म है। पिछले 24 घंटे में कुआकोंडा में 3, कोरबा, पेंड्रारोड में 2-2, पथरिया, मैनपाट, भैसमा, कांसाबेल, सूरजपुर व कटघोरा में एक-एक सेमी पानी बरस है। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 41 व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

