रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित होगी। सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने के साथ-साथ अहम निर्णय लिए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्य के 5 लाख से अधिक शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े लंबे समय से लंबित कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। यदि इस योजना को हरी झंडी मिलती है तो कर्मचारियों और अधिकारियों को उपचार के लिए नकद भुगतान की परेशानी से राहत मिलेगी और सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
कई अन्य प्रस्तावों पर भी होगी चर्चा
बताया जा रहा है कि बैठक में प्रशासनिक सुधार, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ कुछ नई घोषणाओं पर भी मुहर लग सकती है।
कर्मचारियों की निगाहें कैबिनेट बैठक पर
राज्य के शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों की नजर इस कैबिनेट बैठक पर टिकी हुई है। विशेष रूप से कैशलेस चिकित्सा योजना और ट्रांसफर नीति को लेकर कर्मचारियों में उत्सुकता बनी हुई है।
अब देखना होगा कि मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में सरकार किन-किन प्रस्तावों को मंजूरी देती है और कर्मचारियों के हित में क्या बड़े फैसले सामने आते हैं।

