कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के नगर पालिका परिषद कटघोरा क्षेत्र में स्थित एक पटाखा गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12:00 बजे की है, जिसके बाद से आग बुझाने का कार्य लगातार जारी है। मौके पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं।
हालांकि राहत की बात यह है कि जहां यह गोदाम स्थित है, वहां आसपास कोई आबादी नहीं है, जिससे किसी बड़े जनहानि की आशंका फिलहाल नहीं है। लेकिन आग की तीव्रता के बीच गोदाम से लगातार पटाखों के फटने की तेज आवाजें आ रही हैं, जिससे स्थिति और गंभीर बनी हुई है।
दमकल कर्मी पूरी सावधानी के साथ आग पर नियंत्रण पाने में जुटे हुए हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह काबू में नहीं आ सकी थी। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और अतिरिक्त सहायता की संभावना भी जताई गई है।

