राजनांदगाव। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ता अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराने कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ता बैलगाड़ी पर सवार होकर कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंचे, जिससे प्रशासनिक परिसर के बाहर हलचल मच गई।
किसानों की मांगों को लेकर प्रदर्शन
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि क्षेत्र के किसानों को समय पर खाद, बीज और उचित समर्थन मूल्य जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर यह प्रदर्शन किया गया।
बैलगाड़ी से पहुंचकर जताया विरोध
प्रदर्शनकारियों ने पारंपरिक बैलगाड़ी का उपयोग कर सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को तुरंत पूरा करने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। फिलहाल प्रदर्शन शांतिपूर्ण बताया जा रहा है।
बिलासपुर में भी बैलगाड़ी से किया था प्रदर्शन
बिलासपुर में कांग्रेस ने खाद, बीज, बिजली और डीजल समेत किसानों की 9 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से बैलगाड़ियों में रैली निकालकर कलेक्टोरेट का घेराव करने पहुंचे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गेट पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच अंदर जाने को लेकर जोरदार धक्का-मुक्की हुई। भीषण गर्मी के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बना रहा।

