रायपुर। रायपुर के आमानाका इलाके में एक ऐसी शराब दुकान में चोरी हो गई, जहां सुरक्षा गार्ड तैनात रहता था। चोरों ने दुकान का ताला तोड़ा। इसके बाद कैश वाले लॉकर के साथ ही सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर चुराकर ले गए। लॉकर में करीब 7 लाख रुपए थे। इसकी जानकारी सुबह हुई।
पुलिस के मुताबिक शनिवार को सरोना स्थित कंपोजिट विदेशी शराब दुकान को बंद करके कर्मचारी चले गए। बिक्री से करीब 7 लाख रुपए मिले थे। जिन्हें लॉकर में रखा गया था। दुकान की सुरक्षा में गार्ड तैनात था। इस बीच आधी रात को अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर भीतर घुसे। कैश वाला लॉकर निकाल लिया। जाते-जाते दुकान का सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी ले गए।
लॉकर में 7 लाख कैश
दुकान के लॉकर में करीब 7 लाख रुपए कैश थे। चोर लॉकर खोल नहीं पाए, तो उसे उखाड़कर अपने साथ ले गए। इसके अलावा ब्रांडेड शराब भी ले गए हैं। आशंका है कि आरोपी किसी बड़े वाहन में आए थे। इसकी जानकारी रविवार सुबह हुई। दुकान के कर्मचारियों ने अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी।
सुरक्षा में करोड़ों खर्च, फिर भी सुरक्षित नहीं
आबकारी विभाग शराब दुकानों में सुरक्षा, मैनपॉवर और कैश हैंडलिंग जैसे कामों पर करोड़ों रुपए खर्च कर रहा है। फिर भी िस्थति नहीं सुधर रही है। एसआईएस कंपनी के सुरक्षाकर्मी हर शराब दुकानों में तैनात किए गए हैं। इसके एवज में कंपनी को हर महीने लाखों रुपए का भुगतान किया जा रहा है। इसके बाद भी चोरी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। दूसरी ओर शराब दुकानों में ओवररेटिंग के मामले भी अधिक हो रहे हैं।

