बेमेतरा। बेमेतरा जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोरेघाट में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मामूली पारिवारिक विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी ही भाभी और भतीजी की बांस के डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने मुख्य आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल दिया गया है। पुलिस के अनुसार, यह वीभत्स घटना मंगलवार शाम की है। प्रार्थी नंदकुमार गंधर्व जब दाढ़ी से वापस अपने गांव घोरेघाट लौट रहे थे, तब उन्होंने रास्ते में आरोपी हेमलाल आडिल को अपनी भतीजी शकुंतला आडिल के साथ मारपीट करते देखा।
आरोपी बांस के डंडे से युवती के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर रहा था। नंदकुमार ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। घटना की खबर मिलते ही दाढ़ी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी हेमलाल आडिल को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी पारिवारिक रंजिश सामने आई है। पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
नाली के पास मिले शव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हैवानियत पर उतारू आरोपी ने वारदात के दौरान ही चिल्लाकर कबूल किया कि वह दो लोगों की हत्या कर चुका है। इसके बाद जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो नाली के पास शकुंतला आडिल और उसकी मां कुमारी बाई के रक्तरंजित शव पड़े मिले। घटनास्थल पर चारों तरफ खून फैला हुआ था।

